वृंदावन में सोमवार को विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर के आसपास की गलियों में भी पैर रखने तक की जगह नहीं रही। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने ठाकुर श्रीबांकेबिहारी लाल के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। ठाकुरजी के सुंदर रुप को दिखने के लिए जहां श्रद्धालु बेताब रहे। एकादशी के विशेष पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। मंदिर परिसर के साथ ही आसपास के बाजार और प्रमुख मार्ग दिनभर भक्तों से भरे रहे। हाथों में पूजा सामग्री लिए श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए राधे-राधे का जयघोष लगाते हुए मंदिर की ओर बढ़ते रहे। ठाकुरजी की मनोहारी छवि के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर नजर आए। पुत्रदा एकादशी के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखकर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन करने पहुंचे। मंदिर में ठाकुरजी का श्रृंगार भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करता रहा। दर्शन के दौरान भक्तों ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर के आसपास पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रही। प्रमुख मंदिर मार्गों और बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। मंदिर और आसपास की गलियों में लगातार राधे-राधे के जयकारे गूंजते रहे।