मथुरा में डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने मंगलवार को पुलिस लाइन में वार्षिक परेड का निरीक्षण कर अनुशासन और सतर्कता का संदेश दिया और परेड की सलामी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक फिटनेस और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। परेड के निरीक्षण के बाद डीआईजी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों की सराहना भी की। इसके बाद उन्होंने रांची बांगर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) रिफाइनरी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस नए कार्यालय के शुरू होने से रिफाइनरी क्षेत्र और आसपास के ग्रामीणों को पुलिसिंग संबंधी कार्यों के लिए सुगमता होगी। डीआईजी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर कार्यालय होने से अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई में तेजी आएगी। वर्तमान में सीओ रिफाइनरी का कार्यालय सदर ब्लॉक के निकट स्थित था। इसके अलावा उन्होंने पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ अपराध की समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित विवेचनाओं के जल्द निस्तारण, वांछित अपराधियों की धरपकड़ और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो।