मथुरा में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से शहर के प्राचीन मंदिर रंगेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव में भोले के भक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। भक्तों ने जल, दूध, गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा चढ़ाकर महादेव का पूजन किया। दूरदराज से आए कांवड़ियों की कतार मंदिरों के बाहर लगी रही। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसके लिए बेहतर व्यवस्था की गई। मंदिरों में जल चढ़ाने के लिए व पूजन करने के लिए अलग-अलग बैरीकेडिंग लगाई गई। शहर के भूतेश्वर महादेव मंदिर में सुबह जिलाधिकारी सीपी सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार ने जल चढ़ाकर पूजा अर्चना की।