मथुरा के फरह थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर में बृहस्पतिवार की सुबह भैंस बांधने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्षों से नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव शाहपुर में दो पक्षों में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकी सिंह को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पूछताछ में जानकारी हुई कि गांव में पीतम और महाराम सिंह के घर आमने सामने हैं। कल शाम पीतम ने महराम सिंह के खूटे पर अपनी भैंस बांध दी थी। महाराम सिंह पक्ष के विरोध करने पर पीतम ने भैंस को खूंटे से खोलकर दूसरे स्थान पर बांध दिया, लेकिन इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। रात की बात को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह दोनों पक्ष लाठी डंडा लेकर एक दूसरे के आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से प्रहार किया। इसमें दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां से गंभीर हालत में घायलों जिला अस्पताल भेजा गया। सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि झगड़ा करने वाले दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।