मथुरा के गोवर्धन रोड पर 10 हजार वर्ग मीटर में बिना अनुमति के विकसित हो रही कॉलोनी पर शुक्रवार को एमवीडीए का बुलडोजर चला। कॉलोनी को जोड़ने वाले मार्ग को भी ध्वस्त किया गया है। विभाग के चेतावनी नोटिस के बाद भी यहां निर्माण कार्य जारी था। गोवर्धन रोड पर राधासिटी कॉलोनी के निकट शिवराम सिंह और प्रमोद मास्टर खसरा संख्या 440, 444 में 10 हजार वर्ग मीटर में कॉलोनी विकसित कर रहे थे। कॉलोनी के लिए संपर्क मार्ग का भी निर्माण कराया जा रहा था। शिकायत के बाद एमवीडीए ने निर्माण कार्य जांच की तो पता चला कि बिना अनुमति के कॉलोनी और मार्ग निर्माण किया जा रहा है। 29 जनवरी को विभाग ने निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस जारी किया, इसके बाद कार्य जारी रखा। एमवीडीए सचिव आशीष सिंह ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने निर्माणाधीन कॉलोनी और मार्ग को ध्वस्त कराया है। फिर से निर्माण कार्य नहीं करने की चेतावनी दी है।