मथुरा के कोसीकलां में मेवात के संत 1008 बाबा लालदास महाराज का 486वां जन्मोत्सव सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। रामलीला मैदान के समीप बाबा लालदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया और बाबा को दिव्य फूल बंगले में विराजमान कर भक्तों को दर्शन कराए गए। दिव्य फूल बंगले में बाबा लालदास के दर्शन करते ही श्रद्धालुओं के जय-जयकार करने से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान कर दिया। भक्तों ने पुष्पवर्षा कर बाबा की आरती उतारकर पुष्प अर्पित किए। कलाकारों ने बाबा के गीतों, भजनों और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर में सजाई गई छप्पन भोग की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में भक्तों ने झांकी के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।