मैनपुरी में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल अभियान के तहत बुधवार को शहर के श्री गंगा सहाय कन्या इंटर कॉलेज में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर लगा। इसमें करांटे के नेशनल कोच संदीप कुमार और नेशनल खिलाड़ी अनूप कुमार ने छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य शोभा मिश्रा ने कहा कि बेटियां आत्मरक्षा का प्रशिक्षण हासिल कर मजबूत बनें। शिविर में स्कूल की 150 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं को नेशनल प्रशिक्षक संदीप कुमार ने आपात स्थिति में आत्म रक्षा की जानकारी प्रदान की। पेन, गाड़ी की चाबी और मोबाइल फोन को हथियार के रूप में इस्तेमाल करके अराजकतत्वों से मुकाबले की जानकारी दी। बताया फोन से पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की मदद ली जा सकती है। उन्होंने बालिकाओं को मार्शल आर्ट की सेल्फ डिफेंस तकनीक के तहत वार्मिंग अप एवं स्ट्रेचिंग के विशेष व्यायाम बताए। पंच को मजबूती से कसकर हिट करना, सिंगल फेस पंच, फ्रंट चाप, ओपन फ्रंट चाप, साइड ब्लाक, अपर ब्लाक, कोहनी के अटैक से विरोधी के चेहरे-नाक पर जोरदार प्रहार करना सिखाया।