पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र पर आयोजित किसान-सम्मान दिवस में उन्नत खेती कर अधिक पैदावार करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान किसानों और विभागों की ओर से करीब 24 स्टॉल लगाई गईं। वहीं समारोह में अकबरपुर औंछा के किसान वीरेंद्र की 5 फीट लंबी लौकी और 18 फीट लंबा गन्ना आर्कषण के केंद्र बना रहा। कृषि विज्ञान केंद्र में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने उन्नत खेती कर अधिक पैदावार करने वाले किसानों को सम्मानित करते हुए कहा कि कई सरकारी योजनाएं किसानों के लिए संचालित हैं। किसान फॉर्मर रजिस्ट्री प्राथमिकता पर करा लें। भविष्य में योजनाओं का लाभ फॉर्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही मिलेगा। किसान सम्मान दिवस में कई उन्नत और जैविक खेती करने वाले किसानों ने अपनी स्टॉल लगाई। इसमे सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बनी अकबरपुर औंछा के किसान वीरेंद्र की 5 फीट 2 इंच लंबी लौकी और करीब 18 फीट लंबा गन्ना, उन्होंने बताया कि ये लौकी और गन्ना जैविक खेती से उगाया है। बिछिया के रहने वाले ओमवीर सिंह आर्गेनिक खेती करते हैं। उनका कहना है कि एक माह में करीब 1 लाख रुपये से ज्यादा कमा लेते हैं। उन्होंने बताया कि वह मैक्सिकन आलू, देसी खीरा, कुंदरु, परवल, ककोरा, जल पालक और रतालू आदि की खेती करते हैं। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने नीलेश कुमार, नरेशचंद्र, विजय कुमार, सिराज अली, संजीव कुमार, अरूणा, अनीता रानी को प्रथम, 12 किसानों को द्वितीय पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. सोमदत्त, जिला कृषि अधिकारी अविशांक चौहान, सहायक निबंधक सहकारिता जितेंद्रपाल सिंह, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक प्रणवेंद्र सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक रामचंद्र साहा मौजूद रहे।