मैनपुरी में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बृहस्पतिवार मैनपुरी के घिरोर स्थित नहर कोठी घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दूर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और पुण्य लाभ कमाया। सुबह से ही घाट पर भक्तों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने गंगा मैया में डुबकी लगाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और अपने पापों का प्रायश्चित किया। कई श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं पूरी होने पर फल, शरबत और अन्य सामग्री दान की। कुछ भक्तों ने गायों का भी दान किया, जिसे बेहद शुभ माना जाता है। कई परिवारों ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। मान्यता है कि गंगा दशहरा पर मुंडन कराने से बच्चों को दीर्घायु और सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इधर, मैनपुरी शहर के मंदिरों में भी गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में विशेष आयोजनों का सिलसिला जारी है। मंदिरों में भजन-कीर्तन, गंगा आरती और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। मान्यता है कि मान्यता है कि इसी दिन मां गंगा धरती पर अवतरित हुई थीं। इस दिन गंगा स्नान करने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।