मैनपुरी में शहर कांग्रेस कमेटी ने बृहस्पतिवार को महंगाई के विरोध में घोड़ा गाड़ी के साथ पदयात्रा निकाली। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह को सौंपा। मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान ने कहा कि ईंधन के दाम बढ़ने से परिवहन लागत में वृद्धि हो रही है। इसके कारण खाद्य सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, दवाइयां, कृषि उपकरण और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के मूल्य निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। शहर अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र सिंह यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में वृद्धि की जा रही है। गैस सिलिंडर की कीमतों में भी बेतहाशा बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले पदाधिकारियों ने कार्यालय पर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि मनाई। इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष अजय दुबे, अरविंद तिवारी, अजीत यादव, पीसी चतुर्वेदी, अमित कुमार, डॉ़ ब्रजेश यादव, प्रियंका राठौर, राजेश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, सुविन यादव, हिमांशू सेन आदि मौजूद रहे।