बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार व कथित दीपू चरणदास की निर्मम हत्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने विरोध प्रदर्शन कर यूनिस खान का पुतला जलाया। कंपनी बाग से आजाद चौक तक मार्च निकालकर सावरकर चौक पर यूनिस सरकार का पुतला दहन किया। बांग्लादेश में हुई घटना का जबरदस्त जन आक्रोश देखने को मिल रहा है। बुधवार की दोपहर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है और वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पूरी तरह से खतरे में है। उनका आरोप है कि वहां की सरकार हिंदुओं की जान-माल की सुरक्षा करने में विफल साबित हो रही है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भारत सरकार से मांग की कि इस मामले को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाया जाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके तो देशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।