जनपद के प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर ऑनलाइन पर्चा बनाए जाने की स्थिति के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात मेडिकल कॉलेज में ओपीडी परिसर में पहुंचे यहां पर उन्होंने त्वचा रोग विभाग में आने वाले मरीजों की स्थिति जानी। जिसमें बताया कि 400 मरीज प्रतिदिन आते हैं। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के बारे में जाना। उन्होंने बताया कि यहां पर फंगल व खुजली और अन्य समस्याओं के मरीज आ रहे हैं, जिन्हें तीन चिकित्सकों द्वारा उपचार दिया जाता है। उन्होंने बाहर से दवाइयां लिखी जानें की जानकारी ली, इस पर चिकित्सक ने बताया कि अधिकांश दवाइयां मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध हैं, आवश्यकता पर जन औषधि केंद्र की दवाइयां लिखी जाती हैं। तत्पश्चात उन्होंने मेडिसिन विभाग की ओपीडी में आने वाली मरीजों के बारे में जानकारी ली। यहां से उन्होंने स्टोर में दवाइयां की उपस्थिति जानी और दवा वितरण कक्ष में पहुंचकर दवाइयां देखी। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए। इस दौरान श्रम सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक राम रतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, भाजपा जिला अध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत, प्रधानाचार्य डॉक्टर मयंक कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर गजेंद्र सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।