बहुजन मुक्ति पार्टी, भारत मुक्ति मोर्चा व राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा ने संयुक्त रूप से केंद्र सरकार की गलत नीतियों के विरोध में राष्ट्रव्यापी आंदोलन के द्वितीय चरण में कलक्ट्रेट परिसर में चूल्हा जलाया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा महंगाई, बेरोजगारी प्रतिदिन निर्माण की जा रही है। महंगे घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलिंडर एवं महंगे पेट्रोल-डीजल ने लोगों की आर्थिक कमर तोड़ दी है। इसके विरोध में तीन चरण में आंदोलन किया जा रहा है।बताया कि स्मार्ट मीटर पारदर्शी न होने से प्राइवेट कंपनियां इसे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की तरह गैर-कानूनी तरीके से इस्तेमाल कर रही हैं। स्मार्ट मीटर से लोगों के रोजगार छीने जा रहे हैं। आरोप लगाया कि एक तरफ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन जनता के वोटों की चोरी कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ स्मार्ट मीटर यूनिट की चोरी कर जनता के नोटों को लूट रही है। यह 20 से 30 फीसदी अधिक तेज चल रहे हैं। क्षेत्र में विद्युत सप्लाई चालू रहने के बाद भी बहुसंख्य लोगों की विद्युत कटौती एक साथ की जाती है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की आम जनता परेशान है। सिलिंडर के लिए लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि डीजल व पेट्रोल के दाम कम किए जाएं। ज्ञापन पर संजय खाबरी, धर्मदास, मलखानसिंह, घनश्यामदास,मुन्नालाल आदि मौजूद रहे।