कस्बा बांसी में उर्वरक दुकानों पर ओवररेट का आरोप लगाते हुए किसानों ने समितियों का निरीक्षण करने गए अपर कृषि अधिकारी का घेराव किया। अधिकारी के जाते ही यूरिया देने से मना करने पर किसानों ने दुकान के सामने ही जाम लगा दिया। इस पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, तब दुकानदार ने उर्वरक वितरण करना शुरू किया। कस्बा बांसी स्थित सहकारी समिति पर यूरिया का स्टॉक की जांच करने अपर कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार सहकारी समिति पर पहुंचे थे। वहीं दूसरी ओर किसानों को उर्वरक दुकानों पर महंगे दामों में यूरिया का विक्रय किया जा रहा था। समिति पर अपर कृषि अधिकारी के होने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में किसान समिति पर पहुंच गए और कृषि अधिकारी से दुकानों पर यूरिया की बोरी 266 रुपये के स्थान पर चार सौ रुपये में देने के आरोप लगाए, जिस पर अपर कृषि अधिकारी ने किसानों को सही रेट पर यूरिया दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन किसान मात्र आश्वासन पर नहीं माने और अपर कृषि अधिकारी को अपने साथ उर्वरक की दुकान पर चलकर सामने ही उर्वरक वितरण कराने को कहा। किसानों के एकत्रित होने की सूचना पर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद अपर कृषि अधिकारी किसानों के साथ दुकानों पर पहुंचे, जहां एक दुकान पर उर्वरक यूरिया का वितरण हो रहा था, जबकि अपर कृषि अधिकारी वहां पहुंचे तो किसानों ने दुकानदार के सामने ही आरोप लगाते हुए कह दिया कि इस दुकान पर चार सौ रुपये में बोरी दी जा रही है।