लखीमपुर खीरी के जीआईसी मैदान में मंगलवार सुबह योगोत्सव काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के 81 दिन पूर्व उत्सव के रूप में मनाया गया। यह जानकारी आयोजन समिति के सदस्य मनीष मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार, मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योग और अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक व समरसता प्रांत प्रमुख राजकिशोर, सदर विधायक योगेश वर्मा, विशिष्ट अतिथि उमाशंकर मिश्र, विश्व हिन्दू परिषद के आचार्य संजय मिश्र, अंकुर शुक्ला समेत तमाम लोग मौजूद रहे। योग गुरु मंगेश त्रिवेदी के निर्देशन में योगाचार्यों ने उपस्थित लोगों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न आसनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया।