लखीमपुर खीरी के धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के हरदी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। थाना हरगांव जिला सीतापुर निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा पुत्र किशोरी लाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री महिमा की शादी चार वर्ष पूर्व हरदी थाना धौरहरा गांव निवासी सुभाष कुमार शुक्ला से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति समेत ससुरालियों ने विवाहिता से एक लाख रूपये की मांग करते हुए उसको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जब विवाहिता ने शिकायत की तो पति सहित ससुरालियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।