लखीमपुर खीरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने झारखंड में जेपीएस, जेएसएससी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया। सदर चौराहे पर जुटे कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों व विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज की निंदा की। विभाग संयोजक अजय पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा विद्यार्थियों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। झारखंड में परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई के साथ परीक्षाओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग की।