लखीमपुर खीरी में शनिवार को सुबह दस बजे से शुरू हुई प्रारंभिक पात्रता परीक्षा में केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों को गहन तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। पहली पाली की परीक्षा देने के बाद केंद्र के निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि इस बार प्रश्नपत्र में डायग्राम के सवालों ने काफी देर तक उलझाए रखा। वहीं अन्य विषयों जैसे हिंदी, अंग्रेजी के प्रश्न सही तरीके से पूछे गए थे। इन विषयों के सवालों के जवाब देने में ज्यादा दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं करंट अफेयर के सवालों को घुमाकर पूछा गया था। हालांकि ज्यादातर परीक्षार्थियों का कहना था कि पेपर अच्छा गया। निश्चित तौर पर बेहतर अंक हासिल होंगे। जिले के 26 केंद्रों पर आयोजित हुई पहली पाली की परीक्षा में 10800 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।