लखीमपुर खीरी के मझगई थाना क्षेत्र में मुर्गहा निवासी महिला सुमन देवी ने लेखपाल पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और न देने पर पड़ोसी खेत मालिक के साथ मिलकर खेत में खड़ी गन्ने की फसल को ट्रैक्टर से पलटवाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मझगई थाना में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेने के बाद भी कार्रवाई नहीं की है। पीड़िता ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर भी फरियाद की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हालांकि जिलाधिकारी कार्यालय से पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर मुहर लगा दी है। वहीं, महिला के आरोपों पर लेखपाल सोनू कुमार ने सफाई दी है। लेखपाल ने बताया कि तीन दिन पहले लेखपाल व कानूनगो शंकरलाल के साथ जाकर मौके पर पैमाइश की। खेत में रास्ता निकला था। काफी दिनों से रास्ता जोत रखा था, जिसे खाली कराया गया। रुपये मांगने की बात गलत है। एक पैसा नहीं मांगा गया है।