लखीमपुर खीरी में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए धौरहरा ब्लॉक प्रशासन ने गोवंश को राहत देने के लिए विशेष पहल शुरू की है। धौरहरा खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार तिवारी के निर्देश पर बबुरी,बसन्तापुर समेत ब्लॉक क्षेत्र की कई गोशालाओं में फागर सिस्टम लगवाए गए हैं। गौशालाओं में लगाए गए फागर से लगातार पानी की फुहारें निकल रही हैं, जिससे परिसर का तापमान नियंत्रित रहेगा और पशुओं को गर्मी से राहत मिलेगी। तेज धूप और उमस के कारण गौवंश को हो रही परेशानी को देखते हुए यह व्यवस्था कराई गई है। खंड विकास अधिकारी धौरहरा संदीप कुमार तिवारी ने बताया कि भीषण गर्मी में पशुओं की सुरक्षा प्राथमिकता है। सभी गौशाला प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि फागर नियमित रूप से संचालित किए जाएं तथा पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि इससे गौशालाओं में रह रहे सैकड़ों बेसहारा गौवंश को गर्मी और लू से काफी राहत मिलेगी।