लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ का पौराणिक शिव मंदिर शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। महाशिवरात्रि पर गोला गोकर्णनाथ में आस्था का सैलाब उमड़ता है। इसके मद्देनजर तैयारियों शुरू हो गई हैं। दूरदराज इलाकों से भक्त आकर यहां भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस मंदिर में प्रतिदिन भगवान शिव का अद्भुत श्रृंगार होता है। श्रृंगार दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त उमड़ते हैं। गोला गोकर्णनाथ नगर में महाशिवरात्रि पर होने वाले सामूहिक रुद्र महाभिषेक को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राघव गुंज स्थित शास्त्री भवन पर मां कात्यायनी सेवा समिति के संस्थापक पंडित रामदेव मिश्र शास्त्री के मार्गदर्शन में पार्थिव शिवलिंग तैयार किए जा रहे हैं। रामदेव मिश्रा शास्त्री ने बताया कि आठ मार्च की रात नौ बजे से नीलकंठ मैदान में सामूहिक रुद्र महाभिषेक प्रारंभ होगा। इसमें 21 आचार्य सहभागिता करेंगे। 151 पार्थिव शिवलिंग बेदियों पर करीब 300 शिव भक्त सपत्नीक सामूहिक रुद्रामहाभिषेक करेंगे। यह अनुष्ठान सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य लाभ, दीर्घायु, पुत्र प्राप्ति संतान सुख, विश्व कल्याण की कामना के साथ किया जा रहा है। पार्थिव शिवलिंग निर्माण में बांबी की मिट्टी, नदी, तालाब की मिट्टी और गौ के पास की मिट्टी इस्तेमाल की जा रही है। इन्हें वैदिक एवं पुराण सम्मत विधि से किया जा रहा है।