लखीमपुर खीरी के रिजर्व पुलिस लाइन मैदान में आयोजित लखनऊ जोन की अंतरजनपदीय कबड्डी क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 के तहत बृहस्पतिवार को खेले गए मुकाबलों में अमेठी, रायबरेली, लखीमपुर और हरदोई की टीमों ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में महिला व पुरुष वर्ग की कबड्डी के साथ जिम्नास्टिक, फेंसिंग और खो-खो प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। पुरुष वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता के तीसरे मुकाबले में अमेठी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुल्तानपुर को 26-08 अंकों से पराजित किया। मैच में अमेठी की टीम शुरू से ही दबाव बनाए रही और एकतरफा जीत हासिल की। चौथे मुकाबले में रायबरेली की टीम ने हरदोई को 26-10 अंकों से हराकर जीत अपने नाम की। रायबरेली के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और मजबूत रक्षा का प्रदर्शन किया। पांचवें मैच में मेजबान लखीमपुर खीरी की टीम ने सुल्तानपुर को 26-07 अंकों से हराया। घरेलू दर्शकों के बीच खेल रही खीरी की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए आसान जीत दर्ज की। दिन के छठे मुकाबले में हरदोई और अंबेडकरनगर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। रोमांचक मुकाबले में हरदोई ने 20-15 अंकों से जीत हासिल कर प्रतियोगिता में वापसी की।