लखीमपुर खीरी जिले में सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां के बाहर मंगलवार को भीषण जाम लग गया। ट्रॉलियों से गन्ना लेकर आए सैकड़ों किसान तेज धूप के बीच घंटों जाम में फंसे रहे। कई किलोमीटर तक ट्रॉलियां खड़ी होने से किसानों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तेज धूप में किसान घंटों फंसे रहे, जिससे उनके पसीने छूट गए। अव्यवस्था के चलते किसानों में चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश दिखा।