लखीमपुर खीरी में शनिवार को पुलिस भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन पहली पाली की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने पेपर अच्छा होने की बात कही। कुछ अभ्यर्थियों ने रीजनिंग के सवालों को कठिन बताया। कुछ ने समय कम पड़ जाने की बात बताई। शाहजहांपुर से आई प्रिया ने बताया कि पेपर पूर्व में हुई परीक्षा से कठिन था। फिलहाल पेपर सही रहा। दातागंज के सर्वेश भी काफी खुश थे। बताया कि पेपर अच्छा हुआ है, अब आगे की तैयारी में जुटेंगे। व्यवस्थाओं के ठीक होने की बात कही। हरदोई जिले से परीक्षा देने पहुंची राखी का कहना था कि रीजनिंग के सवालों ने थोड़ा उलझाया, बाकी पेपर बहुत अच्छा हुआ है। बढ़िया रिजल्ट आने की उम्मीद है। पीलीभीत से आए बबलू ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ है। बता दें कि जिले के 15 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में परीक्षा कराई गई।