लखीमपुर खीरी के धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के लालजीपुरवा गांव के उत्तर नहर पटरी किनारे गो तस्कर गोवंशीय पशुओं को मार कर मांस उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पशुओं के अवशेष और काफी मांस बरामद किया। छह दिन पहले भी थाना पढुआ क्षेत्र के चंदपुरा में भी इसी तरह घटना हुई थी। घटना से गोरक्षकों एवं हिंदू संगठनों में आक्रोश है। गोरक्षकों का कहना था कि जब तक पुलिस दोषियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजती, तब तक गोवंशीय पशुओं का अंतिम संस्कार नहीं होगा। घटनास्थल पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा, सीओ धौरहरा प्रीतम पाल सिंह ने हिंदू संगठनों के लोगों और गोरक्षकों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने नमूना संरक्षित कर शवों को जेसीबी से दफना दिया। गोरक्षक रिंकू पांडेय और शिवम पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने आठ से 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।