लखीमपुर खीरी जिले में मतदान के दिन सोमवार सुबह बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव और कीचड़ के साथ बिजली संकट ने लोगों को परेशान कर दिया। करीब आधे घंटे की बारिश में मतदान केंद्रों से लेकर सड़कों पर जलभराव और कीचड़ हो गई। संपूर्णानगर सहित कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ही ओले भी बरसे। बारिश के चलते सुबह मतदान भी बाधित रहा। बारिश की वजह से जनपद के काफी मतदान केंद्र परिसर में जलभराव और कीचड़ हो गया। ऐसे में मतदाताओं को जलभराव व कीचड़ के बीच से गुजकर मतदान करने जाना पड़ा। इसमें बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद में मतदान केंद्र परिसर में पानी भरने की वजह से वोटरों का झुंड बनाकर खड़ा होना पड़ा।