लखीमपुर खीरी में कार्तिक पूर्णिमा पर छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पौराणिक शिव मंदिर के कपाट ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 5:00 बजे भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए। दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की। गोकर्ण तीर्थ के जल से आचमन कर तट पर पुरोहितों से सत्यनारायण व्रत की कथा सुन दान पुण्य किया। इस अवसर पर कई परिवारों ने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। उधर, उचौलिया में प्राचीन देव स्थल मनोगंगा पर विशाल मेला लगा। तड़के ही दूर दराज से श्रद्धालु आने लगे। श्रद्धालुओं ने मनोगंगा के सरोवर में स्नान कर शिव मंदिर और बाबा बल्दीदास की समाधि पर प्रसाद चढ़ाया। इस मौके पर लोगों ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर मनोगंगा को साड़ियों से पहराउन की। मेले में चाट-मिठाइयों समेत अनेक दुकानों पर भीड़ रही।