भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच लखीमपुर खीरी जिले से लगी नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। पलिया क्षेत्र के गौरीफंटा, संपूर्णानगर, चंदनचौकी समेत पूरी नेपाल सीमा पर भारत की तरफ से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नदी के घाटों पर भी सतर्कता बरती जा रही है। सीमा पर हर आने जाने वाले वाहनों की निगरानी की जा रही है। आने-जाने वालों को पहचानपत्र देखने के बाद ही उनको इधर से उधर जाने दिया जा रहा है। एसएसबी मुख्यालय पीलीभीत के डीआईजी अनिल कुमार शर्मा ने शुक्रवार सुबह दलबल के साथ गौरीफंटा बॉर्डर पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले बॉर्डर और नोमेंस लैंड के साथ ही एसएसबी बीओपी का निरीक्षण किया। कैंप पर नेपाल के एपीएफ व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें बॉर्डर के दोनों देशों के अधिकारियों ने कड़ी चौकसी व सतर्कता बरते जाने के आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।