लखीमपुर खीरी के धौरहरा कस्बे की बुजुर्ग महिला ने अपने सगे भतीजे पर पति के इलाज के बहाने धोखाधड़ी कर 10 बीघा भूमि की फर्जी वसीयत कराने और घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला हिदायत नगर निवासी रामश्री पत्नी सुर्जलाल का आरोप है कि उसका सगा भतीजा प्रताप, पति सुर्जलाल की बीमारी का फायदा उठाकर दवा दिलाने के बहाने 10 दिसंबर को उन्हें रजिस्ट्री कार्यालय ले गया और वहां 10 बीघा भूमि की वसीयत करा ली। इसके बाद 17 दिसंबर को पति की मृत्यु हो गई। रामश्री का कहना है कि पति के निधन के बाद जब वह अंतिम संस्कार की तैयारियों में व्यस्त थी, तभी आरोपी ने घर में घुसकर बख्शे में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता ने कोतवाली के साथ ही उपजिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र सौंपा। एसडीएम शशिकांत मणि ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।