सराय आकिल थाना क्षेत्र में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस कार्रवाई को सराय आकिल थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद और पत्नी पर लगातार शक करना ही इस हत्या की मुख्य वजह बना।
पुलिस के अनुसार मृतक अपनी पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था और उस पर चरित्र को लेकर शक जताता रहता था। इतना ही नहीं, वह अपने बच्चों को लेकर भी पत्नी से कहता था कि दोनों बच्चे उसके नहीं हैं। इन बातों से पत्नी के मायके पक्ष में आक्रोश था।
इसी रंजिश के चलते पत्नी के दो सगे भाई और एक चचेरा भाई ने मिलकर मृतक की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को सराय आकिल थाना क्षेत्र के कनैली नहर के पास फेंक दिया गया था।
पुलिस ने इस मामले में कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के मढ़ी गांव निवासी गुड्डू, विजय और महेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल किया गया आला-ए-कत्ल भी बरामद कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।