कासगंज के गंजडुंडवारा में शनिवार देर रात सुजावलपुर के जंगलों में पुलिस और गोकशों के बीच हुई मुठभेड़ हो गई। इसमें एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि गंजडुण्डवारा पुलिस को सूचना मिली कि सुजावलपुर के जंगल में कुछ बदमाश दो जिंदा बैलों के साथ गोकशी की वारदात अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए जब पुलिस टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान तसलीम निवासी बाजनगर, गंजडुण्डवारा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो जिंदा बैल, एक अवैध तमंचा (315 बोर), तीन कारतूस, तीन चाकू, लकड़ी का गट्टा और रस्सी समेत गोकशी के तमाम उपकरण बरामद किए। पुलिस के अनुसार, तसलीम एक शातिर अपराधी है जिस पर पहले से ही गैंगस्टर एक्ट और गोवध अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना प्रभारी राधेश्याम के नेतृत्व वाली टीम ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उसके अन्य दो साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।