कासगंज में अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम मंगलवार को पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को अग्निवीर योजना के बारे में जानकारी दी गई। जिला सैनिक कल्याण और पुनर्वास अधिकारी कमांडर जगवीर सिंह ने कहा कि बेटियां अपराजिता हैं। यदि वे ठान लें तो सब कुछ मुमकिन है। बेटियां सेना के महत्वपूर्ण पदों पर रहकर देश की सेवा कर रही हैं। आपरेशन सिंदूर में कमांडर व्याेमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी ने भारत की ओर से ब्रीफिंग दी। अग्निवीर महत्वपूर्ण योजना है। इसमें शामिल होकर देश की सेवा करने के साथ बेटियां परिवार का आर्थिक सहयोग भी कर सकती हैं। लेफ्टिनेंट सत्यप्रकाश ने कहा कि आत्मबल सबसे अधिक जरूरी है। किसी भी परिस्थिति में आत्मबल को न टूटने दें। मजबूत इरादे से ही जीवन में सफलता मिलती है। उन्होंने सेना के क्षेत्र में मिलने वाले विभिन्न पुरस्कारों के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी। विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रियंका गुप्ता ने कार्यक्रम आयोजन के लिए समाचार पत्र व अतिथियों का आभार जताया। इस दौरान सरिता राजपूत, दीपमाला, ममता, दीक्षा, अनुषा, सुरभि आदि शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में 350 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।