लहरा रोड पर गुरुवार देर शाम कार बैक करने के दौरान ठेले से टकराने की मामूली घटना ने बड़ा रूप ले लिया। दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि सरेआम फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। अचानक हुई घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। पथराव और फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया और तीन आरोपियों को असलहों सहित हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सोरोंजी थाना क्षेत्र के लहरा रोड पर रियाज अहमद का मेडिकल स्टोर है। उनका बेटा मुकीश अहमद गुरुवार शाम कार बैक कर रहा था। इसी दौरान कार, मनोज के चाट-पकौड़ी के ठेले से टकरा गई। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख मुकीश ने थाने पहुंचकर मनोज और अन्य के खिलाफ तहरीर दी। थाने से लौटने के बाद विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
स्थिति बेकाबू होते ही बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और दुकानदारों ने शटर बंद कर लिए। त्योहार के दिन बाजार में चहल-पहल थी, लेकिन माहौल बिगड़ते ही सन्नाटा पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सीओ सदर आंचल चौहान ने फोर्स के साथ इलाके में पैदल मार्च कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। कुछ ही देर में एसपी अंकिता शर्मा और एएसपी सुशील कुमार भी पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनके पास से राइफल व रिवॉल्वर बरामद की गई हैं।
विवाद और पथराव में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं — जिनमें रियाज अहमद, मुकीश अहमद, शहजान, मौज्जिम और वीरपाल सिंह बघेल शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल रियाज अहमद को अलीगढ़ रेफर किया गया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया है। एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में बाजार के बीच खुलेआम फायरिंग होती दिख रही है। आरोपियों को वीडियो फुटेज के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है। एएसपी सुशील कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को असलहे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है और घायलों का उपचार जारी है।