कानपुर-सागर हाईवे पर अमौली गांव के सामने गुरुवार की शाम तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे जा रही बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक समेत सड़क पर गिरे युवक को कंटेनर कुचलता हुआ निकल गया। इस दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। बाइक सवार युवक हेलमेट लगाए था। कूष्मांडा नगर निवासी अमन यादव (23) पुत्र शिव बहादुर की आनूपुर मोड़ पर बीज की दुकान है। शाम को वह बाइक से दुकान से घाटमपुर घर जा रहा था। कानपुर-सागर हाईवे पर अमौली गांव के सामने पहुंचते ही पीछे से आ रहे कंटेनर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अमन बाइक समेत गिर गया और कंटेनर ऊपर चढ़ गया। वह बाइक समेत कंटेनर के नीचे फंस गया।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अमन दो भाइयों में छोटा था। पिता सेवानिवृत फौजी हैं। थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चालक कंटेनर छोड़कर फरार हो गया है। कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। उधर, युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।