नरवल थाना क्षेत्र के नरौरा गांव में बकरी विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में 45 वर्षीय महिला रानी की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस ने नामजद पांच आरोपियों की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। परिजन अभी भी सदमे में हैं। बेटी मौसमी ने बताया कि मां सिर्फ झगड़ा शांत कराने गई थी, लेकिन कुल्हाड़ी के वार ने उनकी जान ले ली। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इन दोनों परिवारों में कहासुनी होती रही है लेकिन इस बार मामला जानलेवा हो गया।