महाराजपुर स्थित ऑक्सफोर्ड विद्यालय में बुधवार को पहलगाम आतंकी हमले में दिवंगत शुभम द्विवेदी की स्मृति में भावुक श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। विद्यालय प्रबंधक आलोक शर्मा, प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर शुभम को नमन किया। दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और “शुभम द्विवेदी अमर रहें” के नारों से परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर हमले में मारे गए 26 लोगों की याद में 26 पौधे रोपे गए ताकि उनकी स्मृतियां सदैव जीवित रहें। विद्यालय प्रबंधक ने बताया कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था जिसमें महाराजपुर के हाथीपुर निवासी संजय द्विवेदी के इकलौते बेटे शुभम की भी जान गई थी। श्रद्धांजलि सभा में आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।