कोहरे में ट्रेनों की चाल मंद पड़ गई है। शुक्रवार को कोहरे की वजह से श्रम शक्ति सहित 52 ट्रेनें 18 घंटे तक लेट रहीं। ठंड में सनसनाती हवा के बीच यात्री स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे हैं। शाल और मफलर से कान बांधकर बैठे रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत आसपास के जिलों से कानपुर सेंट्रल स्टेशन ट्रेन पकड़ने आने वालों को हो रही है। यात्री और उनके परिजन ट्रेन के इंतजार में कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ठिठुरते रहे बैठे। शुक्रवार को सेंट्रल स्टेशन पर मेला जैसा नजारा रहा। प्लेटफॉर्म से लेकर फुटओवर ब्रिज, पोर्टिको और प्रतीक्षालय व वेटिंग हॉल फुल रहे। हालत यह थी कि 15065 गोरखपुर-पनवेल चार घंटा देरी से जब प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर आई तो भीड़ उसमें चढ़ने के लिए दौड़ पड़ी। कुछ लोग पार्सल यान में सवार थे, रेलवे कर्मियों ने उन्हें उतारा तो अफरातफरी का माहौल हो गया। ट्रेन चलने लगी तो कोई खिड़की से घुसा तो कोई दरवाजे पर लटककर ही चला गया। करीब 25 प्रतिशत यात्री ट्रेन में चढ़ ही नहीं सके और दूसरी ट्रेन का इंतजार करते रहे। इसी तरह, सुबह 09:20 बजे आने वाली भिवानी-प्रयागराज छह घंटा देरी से दोपहर 03:40 बजे छह नंबर प्लेटफॉर्म पर आई तो एकाएक यात्रियों की भीड़ उसमें चढ़ने के लिए दौड़ पड़ी। रेलवे अधिकारियों के साथ आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार और जीआरपी के ओमनारायण सिंह ने मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया।