विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अगले चरण को लेकर रविवार को तहसील सभागार में एसडीएम व तहसीलदार ने बीएलओ को प्रशिक्षण दिया। समय सीमा में होने वाले कार्यों की भी जानकारी दी गई। एसडीएम ने कहा कि बूथों पर अनुपस्थित व लापरवाही बरतने वाले बीएलओ का वेतन रोका जाएगा और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अनन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन मंगलवार को किया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि दावा एवं आपत्तियों के लिए समय छह जनवरी से छह फरवरी तक रहेगा। छह जनवरी से 27 फरवरी तक नोटिस जारी करने व दावे आपत्तियों के निस्तारण का समय निर्धारित किया गया है। छह मार्च मंगलवार को मतदाता सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन होगा। मतदाता सूची में उन सभी मतदाताओं का नाम होगा, जिन्होंने अपना गणना प्रपत्र भरकर डिजिटल करने के लिए बीएलओ को उपलब्ध कराया है। यदि कोई 18 वर्ष की आयु पूरा कर चुका है या किसी कारण से पात्र व्यक्ति होते हुए भी मतदाता सूची में नहीं है तो वह अपने बूथ के बीएलओ से फॉर्म-छह लेकर उसे भरकर पुनः बीएलओ को दे सकेगा। इसके लिए ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है। 11 जनवरी को बीएलओ प्रत्येक बूथ पर बैठकर लोगों के मध्य मतदाता सूची को पढ़कर सुनाएंगे ताकि लोग यह जान सकें कि मतदाता सूची में में उनके नाम हैं। एसडीएम ने बताया कि घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में 27 बूथ और बढ़ाए गए हैं। इस तरह 368 बूथों की जगह अब 395 बूथों पर बीएलओ और सुपरवाइजर कार्य करेंगे। अनुपस्थित व लापरवाही बरतने वाले बीएलओ का वेतन रोका जाएगा और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।