सावन के पहले सोमवार पर गंगाजल भरने के लिए बिठूर गंगा तट पर हजारों की संख्या में कांवड़िए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित व सुचारु रखने के लिए प्रशासन ने रामादेवी हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है। डायवर्जन के चलते रामादेवी हाईवे और आसपास के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट पर तैनात हैं। अधिकारियों ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।