पुरुष प्रधान समाज में अब महिलाएं समाज की नकारात्मक विचार धाराओं को तोड़कर बुलंदी पर पहुंच रहीं हैं, जो देश की आन, बान और शान हैं। ऐसी ही ख्यातिप्राप्त महिला हस्तियों को रावतपुर स्थित विकास भवन सम्मान दे रहा है। यहां पर पहली बार भूतल की गैलरियों में इनकी फोटो लगाई गई है। फोटो के साथ उनका नाम और उपलब्धियों का बखान किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने विकास भवन को अलग दिखने के लिए अनूठा प्रयोग किया है। उन्होंने सीडीओ कार्यालय और मुख्यद्वार की दो गैलरियों में देश-प्रदेश में अपना नाम रोशन करने वाली करीब 50 महिला हस्तियों की फोटो लगवाई है। फोटो के साथ इनके नाम और इनकी उपलब्धियों को पढ़ा जा सकता है। इनकी बोलती हुई तस्वीरें यहां आने वाले लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचती है। आप भी जब विकास भवन जाएं, तो इन महान हस्तियों को जरूर पढ़ें। इससे आपको भी देश, समाज के लिए कुछ अच्छा करने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं, रामपुर के पेंटर शुभम ने दीवार में नीचे की ओर हाथी, मोर, हिरन, फूल-पत्ती बनाने के साथ ही राजस्थानी कला का प्रदर्शन चित्रकारी के माध्यम से किया है।