गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के राजधानी मार्ग पर सरस्वती टॉकीज के सामने बुधवार रात दो युवतियों के बीच खुन्नस को लेकर बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा चला। दोनों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। मारपीट व झगड़े के दौरान वहां भीड़ लगने से काफी देर जाम लगा रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवतियों को कोतवाली ले गई। वहां दोनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर गुरुवार सुबह दोनों की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में पोनीरोड निवासी आयुषी पांडे ने बताया कि वह राजधानी मार्ग पर थी। तभी नेहरू नगर निवासी पलक मिश्रा और सुभाष मिश्रा आए और किसी पुरानी बात को लेकर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोट आई है। वहीं, पलक ने तहरीर देकर बताया कि वह भी राजधानी मार्ग पर थी। तभी आयुषी और कृष्णा तिवारी आए और गाली गलौज करने लगे। उन्होंने विरोध किया तो लाठी-डंडों से पिटाई कर घायल कर दिया। उधर, गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।