गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सीताराम कॉलोनी के नवीन गंगा पुल मोड़ के पास करीब 50 साल पुराना जर्जर मकान का छज्जा गुरुवार की शाम बारिश के दौरान ढह गया। इसकी चपेट में आकर राहगीर समेत दो लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर कानपुर के उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों ने नगर पालिका पर अनदेखी का आरोप लगाया है। सीताराम कॉलोनी के नवीन गंगा पुल मोड़ के पास स्व. पुत्तू मिश्रा का मकान है। इसमें उनका परिवार रहता है। मकान करीब 40 साल पुराना बताया गया है, छज्जा जर्जर हाल में था। गुरुवार की शाम हल्की बारिश के दौरान छज्जे के आगे की हिस्सा गिर गया। बाइक सवार सूरज सिंह निवासी हरबंश मोहाल कानपुर ईंट गिरने से घायल हो गया। हेलमेट लगाने से उसकी जान बच गई। मकान मालिक का नाती राघव मिश्रा (20) छज्जे समेत गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर पालिका की टीम पहुंची और जेसीबी से मलबे को हटाया। इस दौरान करीब 45 मिनट तक यातायात अवरुद्ध रहा। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि एक को गंभीर चोट आने की जानकारी मिली है। मकान में एक ही परिवार के 16 लोग रहते हैं, सभी सुरक्षित है। वहीं, पालिका ईओ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि छज्जा जर्जर होने पर नोटिस देने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई, इसकी जांच कराई जाएंगी।