गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का टोटा है। यात्रियों के लिए पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। स्टेशन के प्लेटफार्म पर लगे सभी चार इंडिया मार्का हैंडपंप खराब हैं। सबमर्सिबल पंप में बालू आ रहा। ऐसे में यात्रियों को इस गर्मी में पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा। दैनिक यात्रियों की कहना है कि इसके बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक से तीन में चार हैंंडपंप लगे हैं, सभी खराब है। एक साल पहले सबमर्सिबल पंप लगाया गया था, उससे भी बालू युक्त पानी आ रहा। ऐसे में पेयजल की यहां कोई व्यवस्था न होने से उमस भरी गर्मी के बीच यात्रियों को काफी दिक्कते उठानी पड़ रही है। स्टेशन पर मौजूद रहे लखनऊ निवासी यात्री रोहित गुप्ता ने बताया कि कई बार ट्रेनें घंटों लेट हो जाती है और भीषण गर्मी भी पड़ रही है। इन सब के बावजूद पेयजल की कोई व्यवस्था स्टेशन पर नहीं है। सफीपुर निवासी संजय त्रिपाठी, राकेश कश्यप ने बताया कि कानपुर के निकट का रेलवे स्टेशन होने के बावजूद यहां रेलवे मूलभूत सुविधाओं की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। स्टेशन अधीक्षक शकील ने बताया कि इसकी जानकारी वह उच्चाधिकारियों को दे चुके हैं।