नगर के सीताराम कालोनी स्थित आनंद घाट पर पर्यटन विभाग की ओर से बनारस की तर्ज पर आरती स्थल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। लेकिन कछुआ गति से कार्य कराए जाने के कारण इस बार भी कार्य पूरा होते नहीं दिख रहा है। अब तक 50 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है जबकि गंगा न दी में लगातार पानी बढ़ रहा है ऐसे में यहीं हाल रहा तो निर्माण कार्य को फिर से रोका जाएगा। बता दे कि साल 2023 में आरती स्थल बनाए जाने का प्रस्ताव शासन स्तर से पास हुआ जिसके बाद साल के अंत में कार्य शुरू हुआ लेकिन किसी न किसी कारण से कई बार कार्य रूका रहा जिस कारण अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। कार्यदायी एजेंसी द्वारा कार्य काफी धीमी गति से कराया जा रहा है। वहीं सदर विधायक पंकज गुप्ता ने बीते दिनों कार्यस्थल का निरीक्षण करने के बाद ठेकेदार को नदी में जलस्तर बढ़ने से पहले कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए थे लेकिन कार्य अब तक अधूरा रहा है। विधायक ने बताया कि इसके लिए विभागीय अधिकारियों से जवाब जाएगा की आखिर कार्य में देरी क्यों हुई है।