सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर निर्माणाधीन आरओबी पर रेलवे की कार्यदायी एजेंसी की ओर से शेष हिस्से का कार्य कराया जा रहा है। सोमवार से क्रॉसिंग मार्ग से सरैया प्राथमिक स्कूल के बीच दूसरे स्पैन में गर्डर रखने की तैयारियां हुईं। एक गर्डर से दूसरे गर्डर को जोड़ने के लिए वेल्डिंग का कार्य किया गया। सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर गिरिराज कंट्रक्शन कंपनी की ओर से पहले स्पैन में आठ गर्डर रखने का कार्य रविवार को करा दिया गया था। इसके बाद अब क्रॉसिंग मार्ग से स्कूल के बीच करीब 43 मीटर के लंबाई के आठ गर्डर और रखने की तैयारी शुरू करा दी गई है। कंपनी के सुपरवाइजर बलराम यादव ने बताया कि सोमवार को दिनभर एक गर्डर को दूसरे गर्डर से जोड़ने के लिए वेल्डिंग का कार्य किया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से सभी गर्डर उसी तरह से रखे जाएंगे, जिस तरह से रेलवे क्रॉसिंग के बीच में रखे गए है।