रेलबाजार थानाक्षेत्र में एक मूकबधिर यात्री के साथ लूट की वारदात सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। घटना के बाद शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, हालांकि देर रात तक आरोपी ऑटो चालक का कोई सुराग नहीं लग सका। जानकारी के अनुसार रेलबाजार क्षेत्र में एक ऑटो चालक ने मूकबधिर सवारी को पहले बेरहमी से पीटा और फिर उसका बैग लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मुख्य मार्गों पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों और ऑटो चालकों की जांच की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लग सका। पीड़ित की बहन ने रेलबाजार थाने पहुंचकर घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।