नवीन गंगापुल पर आए दिन लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस और पालिका ने मंगलवार को संयुक्त अभियान चलाया। पोनी तिराहा से टेंपो ऑटो अड़्डे को नवीन पड़ाव स्थल पर शिफ्ट कराया। इस बीच पड़ाव अड्डा संचालक को कड़े निर्देश दिए गए और किसी भी हालत में पोनी तिराहे से आटो-ई-रिक्शा संचालन न होने की हिदायत दी गई। वहीं, पालिका द्वारा नवीन टेंपो अड्डे पर रहे अतिक्रमण को हटाया गया। कानपुर से आने वाले ऑटो पड़ाव अड्डे से ही कानपुर लौटेंगे। साथ ही जल्द ही एक बैठक कर इनके संचालन के लिए रूट चार्ट तय किए जाने की बात कही गईं। सोमवार को एसपी जय प्रकाश सिंह ने नवीन गंगापुल पर जाम लगने को लेकर निरीक्षण किया था जिसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह को कड़े दिशा निर्देश दिए थे। जिसके बाद मंगलवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, नगर पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा और यातायात निरीक्षण उन्नाव सुनील कुमार मिश्रा ने संयुक्त अभियान चलाते हुए पोनी तिराहे से टेंपो अड्डे को नवीन टेंपों आटों अड्डा पर वाहनों को शिफ्ट कराया। मौके पर रहे पड़ाव अड्डा संचालक को कोतवाल और ईओ ने निर्देश दिए कि किसी भी हालत में पोनी तिराहे पर आटो टेंपो न खड़े हों। सवारियों को नवीन टेंपो अड्डे से साधन मिलने की जानकारी हो इसके लिए पोनी तिराहे से पड़ाव अड्डे के बीच सूचना बोर्ड और बैनर लगवाए। पड़ाव अड्डा शुल्क की वसूली करने वाले ठेका कर्मी किसी से भी चालक से अभद्रता न करें। कानपुर से आने वाले ऑटो को पड़ाव अड्डे से ही वापस कानपुर भेजा जाए। इस दौरान जेसीबी की मदद से चार अस्थायी कब्जे नवीन पड़ाव अड्डे से पालिका ने हटवाए। ईओ ने बताया कि जल्द ही संयुक्त बैठक कर ई-रिक्शा, ऑटो के चलने का रूट चार्ट बनाया जाएगा। आज पूरे दिन जाम न लगने से राहगीरों ने राहत महसूस की।