रेलवे ने शुक्रवार को सुबह से शाम तक ब्लॉक लेकर सरैया रेलवे क्रॉसिंग स्थित डाउन लाइन की रेल पुलिया (संख्या-108) के लोहे के पैनल को बदलने का कार्य कराया। इस दौरान ओएचई लाइन को भी बंद कर दिया गया। एडीआरएम (उत्तर रेलवे) शूरवीर सिंह चौहान की देखरेख में 100 से ज्यादा मजदूरों को लगाकर काम कराया गया। नई दिल्ली से आए चीफ इंजीनियर (ब्रिज) आरपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। मिशन रफ्तार के अंतर्गत कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग का कई माह से दुरुस्तीकरण कराया जा रहा है। इसके चलते रेल गंगा पुल पर एचबीम स्लीपर डालने, रेल पुलियों का सुधार कार्य, रेल पटरियों का मरम्मत और रेलवे बाउंड्रीवाल का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। एडीआरएम ने बताया कि 80 फीसदी कार्य हो चुका है। कार्य पूरा होने के बाद इस रूट पर 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ेंगी। इसी के चलते शुक्रवार को रेल पुलिया (संख्या-108) के पुराने लोहे के पैनल को बदलने का कार्य किया गया। इसके स्थान पर करीब 150 टन वजन का नया पैनल शिफ्ट किया गया। इसके लिए सुबह 10:30 से शाम सात बजे तक ब्लॉक लिया गया। इस दौरान डाउन रेल लाइन से जाने वाली कुछ आंशिक ट्रेनों को नहीं चलाया गया। बताया कि रेल गंगा पुल पर स्लीपर बदलने के कार्य के चलते पहले से ही कई ट्रेनों को डायवर्ट करने के साथ निरस्त किया जा चुका है। इस दौरान डिप्टी चीफ इंजीनियर (वर्कशॉप) नितिन मंगवाल, सीनियर डीईएन प्रवेंद्र कुमार व रंजीत कुमार आदि मौजूद रहे।