जिले की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को डीएम मृदुल चौधरी व एसपी पलाश बंसल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खनिज चेकपोस्ट बांदा और कबरई बैरियर का औचक निरीक्षण किया। अनियमितता मिलने पर एक क्रशर प्लांट व पांच ट्रकों को सीज करने की कार्रवाई की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने खनिज बैरियरों के निरीक्षण में सीसीटीवी कैमरें, रॉयल्टी व अन्य दस्तावेज चेक किए। कुछ खामियां मिलने पर खनिज अधिकारी आरबी सिंह को निर्देश दिए। जनपद स्तर पर गठित ज्वाइंट टास्क फोर्स समिति ने पत्थरमंडी में अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की है। बिना रॉयल्टी गिट्टी का परिवहन मिलने पर चार क्रशर संचालकों, चार ट्रक मालिकों व चार चालकों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसी तरह बिना रॉयल्टी ओवरलोडिंग कराए जाने पर कबरई स्थित एक क्रशर प्लांट और पांच ट्रकों को सीज किया गया।