कानपुर में लग्जरी कार से आए चोर सीओ गोविंदनगर के कार्यालय के सामने से विदेशी नस्ल (सेंट बर्नार्ड) के कुत्ते को चोरी कर ले गए। कुत्ते की मालकिन ने थाने में तहरीर दी है। गोविंदनगर निवासी टायर कारोबारी अतुल शर्मा की पत्नी रंजना शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके 9 साल के कुत्ते का नाम रायनो है।
शनिवार रात सफेद रंग की कार से उतरे दो युवक रायनो को घसीटकर कार से ले गए। पूरी घटना का एक लड़के ने वीडियो बना लिया था। थाने में सुनवाई नहीं होने पर उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी हैं। सीओ विकास पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इसलिए चोरी किए जाते हैं
विदेशी नस्ल के कुत्तों की बाजार में डिमांड अच्छी होती है। इनका व्यवहार शांत होता है। इसलिए चोर इन्हें आसानी से चुराने के बाद ब्रीडिंग में इनका इस्तेमाल करते हैं। सेंट बर्नार्ड नस्ल के कुत्ते के एक बच्चे की कीमत बाजार में 15-20 हजार रुपये है।